देवरिया , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से फैली भ्रांतियों और अव्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने शनिवार से गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी बहाल करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को संबंधित गैस एजेंसियों, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार से पूरे जनपद में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी पूरी तरह से शुरू कर दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों का वितरण 'प्रथम आवत-प्रथम पावत' के आधार पर किया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने पहले गैस बुक कराई है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी और सभी बुकिंग्स को क्रमवार पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी कारणवश ओटीपी या डीएसी प्राप्त नहीं होता है, तब भी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। गैस एजेंसियों को वितरण सूची के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित