देवरिया , मई 2 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में किन्नरों के हमले में दो कलाकार घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार सिंधी मिल कॉलोनी में किराये के मकान में हरिद्वार की कल्पना और हल्द्वानी की संजू सहित कुछ कलाकार रहते हैं, जो विभिन्न कार्यक्रमों में राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत करते हैं। बताया गया है कि शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान इन कलाकारों और किन्नरों के बीच विवाद हुआ था, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था।

शनिवार शाम को किन्नरों का एक समूह कलाकारों के किराये के मकान पर पहुंचा और मारपीट कर फरार हो गया। इस हमले में दो कलाकार घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है तथा मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित