देवरिया , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में नव कुंभ साहित्य सेवा संस्थान के तत्वावधान में 26 अप्रैल को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के नामचीन कवि और शायर भाग लेंगे। यह जानकारी शनिवार को यहां एक होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप कुमार मिश्र तथा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ मणि त्रिपाठी ने दी। उन्होंने बताया कि कवि सम्मेलन जिला पंचायत सभागार में 26 अप्रैल की शाम छह बजे से प्रारंभ होगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का संचालन मशहूर शायर जनाब अज़हर इक़बाल करेंगे, जबकि प्रसिद्ध शायरा मुमताज़ नसीम विशेष आकर्षण होंगी।

उन्होंने बताया कि कवि सम्मेलन में शायर अफ़ज़ल इलाहाबादी, बाराबंकी के ओम शर्मा 'ओम', स्थानीय ग़ज़लकारा सीमा नयन, लखनऊ की डॉ. पूर्णिमा भसीन तथा आकाशवाणी की प्रस्तोता डॉ. जयति ओझा अपनी रचनाओं का पाठ करेंगी।

समारोह की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा नव कुंभ साहित्य सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार राही भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

आयोजकों ने बताया कि कवि सम्मेलन में जनपद के प्रबुद्धजन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े गणमान्य लोग भी भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित