देवरिया , मार्च 30 -- किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार को मेडिकल कॉलेज से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एच. के. मिश्रा ने बताया कि यह टीका 14 वर्ष की उन बालिकाओं को लगाया जा रहा है, जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है लेकिन 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण होता है, जिससे बचाव के लिए यह टीकाकरण बेहद महत्वपूर्ण है।

डॉ. मिश्रा ने यह भी सलाह दी कि यह टीका खाली पेट नहीं लगाया जाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पात्र आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को इस टीके का लाभ दिलाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित