टिहरी , मार्च 25 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में देवप्रयाग मार्ग पर खांड़यूसैंण क्षेत्र में राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 वाहनों के चालान किए गए।
पौड़ी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश और संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी के नेतृत्व में बुधवार चलाए गए इस अभियान के दौरान वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
जांच के दौरान कई वाहन चालक बिना वैध दस्तावेज और यातायात नियमों की अनदेखी करते पाए गए, जिनके खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई। परिवहन कर अधिकारी विजय कुमार आर्य ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक जांच अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान तहसीलदार दीवान सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक जयपाल नेगी, उपनिरीक्षक प्रवीन रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित