जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी दस अप्रैल को सिंधी भाषा दिवस पर नयी दिल्ली में उपराष्ट्रपति भवन में भारत के संविधान के सिंधी भाषा में विमोचन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
केन्द्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने श्री देवनानी को पत्र लिखकर इस समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया है। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन द्वारा 10 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे वाईस प्रेसीडेण्ट एनक्लेव में सिंधी भाषा में भारत के संविधान का देवनागरी और फारसी लिपियों में विमोचन किया जाएगा। समारोह का आयोजन विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग, राजभाषा खण्ड, प्रादेशिक इकाई द्वारा किया जा रहा है।
श्री देवनानी ने भारतीय संविधान के सिंधी भाषा में प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है और कहा कि विभाजन का दंश झेलने के बाद भारत आए लाखों सिंधी समुदाय के लोगों के लिए यह अवसर अपनी भाषा के प्रति गौरवान्वित होने और श्री मोदी के प्रति अभिनन्दन एवं आभार प्रकट करने का सुनहरा मौका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित