जयपुर , अप्रैल 20 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर जिले में पुष्कर घाटी में रविवार को हुए बस हादसे की जिला प्रशासन से विस्तृत जानकारी ली है और पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जतायी है।
श्री देवनानी ने अजमेर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल से दूरभाष पर चर्चा कर हादसे की स्थिति, घायलों की संख्या, उपचार व्यवस्थाओं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी घायलों को तत्काल एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाये तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए पुष्कर घाटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ बनाने, ट्रैफिक नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि पुष्कर घाटी में सांझी छत के पास रविवार दोपहर एक यात्री बस स्टेयरिंग फेल होने केकारण अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराकर लगभग 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गयी, जबकि 31 लोग घायल हो गये। सभी यात्री पौसांगन के पास भडसुरी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
श्री देवनानी ने हादसे में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित