जयपुर , अप्रैल 20 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के पुष्कर घाटी में हुए बस हादसे के घायलों से सोमवार को अजमेर के जेएलएन अस्पताल में मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। श्री देवनानी ने सुबह अजमेर पहुंचकर अस्पताल गये और घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें हिम्मत बंधाई तथा घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को तत्काल समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए पुष्कर घाटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ बनाने, यातायात नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि रविवार दोपहर एक यात्री बस स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गई , जिससे दो महिलाओं की मृत्यु हो गई जबकि 31 लोग घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित