बैतूल , फरवरी 09 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शांति, कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने दूरस्थ क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण किया।

हाल ही में थाना मोहदा क्षेत्र के ग्राम दामजीपुरा में उत्पन्न तनाव और आगजनी की घटना के बाद प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में अधिकारियों ने दामजीपुरा, भीमपुर, मोहदा सहित अन्य गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आने की अपील की।

प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अपमानजनक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को देने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित