देहरादून , जनवरी 21 -- देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग मामले में 9 छात्रों को निष्कासित करने के बाद अब एक और नया मामला सामने आया है। 2025 बैच के एमबीबीएस के छात्रों ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग में अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

जिसमें उन्होंने कहा है कि 2023 बैच के एक छात्र की ओर से उनको धमकाया और परेशान किया जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने इस मामले पर कॉलेज प्रशासन को मेल भेज कर जांच किए जाने के निर्देश दिए हैं।

दून मेडिकल कॉलेज में नेत्र विभाग के प्रमुख और मीडिया सेल प्रभारी डॉ. सुशील ओझा ने बुधवार को बताया कि 2025 बैच के छात्रों ने एक सीनियर छात्र पर डराने और धमकाने का आरोप लगाया है। कॉलेज प्रशासन के समक्ष मामला आने के बाद एंटी रैगिंग सेल को जांच के लिए अधिकृत कर दिया है।

कमेटी की रिपोर्ट आने तक सीनियर छात्र के खिलाफ कार्रवाई की गई है और उसे हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित