उज्जैन , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में आबकारी विभाग ने मोटरसाइकिल से दूध की कैनों में छिपाकर अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मक्सी रोड पिंगलेश्वर मार्ग स्थित सांची फैक्ट्री के समीप मुन्नालाल नामक व्यक्ति मोटरसाइकिल से दूध की कैनों में अवैध शराब ले जा रहा है। सूचना पर विभागीय दल ने मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी की। सामने से आते वाहन को रोककर चालक मुन्नालाल से पूछताछ की गई और तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन में टंगी दूध की कैन से 95 पाव देशी मदिरा मसाला, थैले से 30 पाव देशी मदिरा मसाला, चार पेटी देशी मदिरा प्लेन तथा एक पेटी देशी मदिरा मसाला बरामद की गई। जब्त मदिरा की कुल मात्रा 76.8 बल्क लीटर पाई गई।

मौके पर ही आरोपी मुन्नालाल के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित