इस्लामाबाद , मार्च 02 -- ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों से शुरू हुए युद्ध के मद्देनजर अमेरिका ने पाकिस्तान के कई शहरों में विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा चिंताओं के बाद इस्लामाबाद में अपने दूतावास और कराची एवं लाहौर में वाणिज्यिक दूतावास में सभी वीज़ा और अमेरिकी नागरिक सेवाएं रद्द कर दी हैं।
पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन ने एक मार्च को जारी एक सुरक्षा अलर्ट में कहा कि वह लाहौर और कराची में वाणिज्य दूतावास में चल रहे प्रदर्शनों पर नज़र रख रहा है। साथ ही इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और पेशावर में वाणिज्य दूतावास के बाहर और विरोध प्रदर्शनों की अपील भी कर रहा है। इसमें कहा गया है कि अमेरिका की सरकार के कर्मचारियों को अगली सूचना तक अपनी गतिविधि कम करने के लिए कहा गया है।
अलर्ट में पाकिस्तान में अमेरिकी नागरिकों को स्थानीय समाचार पर नज़र रखने, ज़्यादा भीड़ से बचने, अपने आस-पास का ध्यान रखने की सलाह दी गयी है। मिशन ने कहा कि कराची, लाहौर और इस्लामाबाद में कूटनीतिक जगहों के आसपास विरोध प्रदर्शन की वजह से दो मार्च के सभी कार्य रद्द कर दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित