बारां , अप्रैल 07 -- राजस्थान में बारां झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह ने मंगलवार को जिले में समर्थन मूल्य के तोल काँटों की अव्यवस्थाओं और फसल बीमा को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने अधिकारियों को किसानों को माल तुलाई में आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक का संचालन कार्यवाहक जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने किया।
जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सांसद सिंह ने फसल तुलाई की प्रक्रिया को आसान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गेहूं और चने आदि की खरीद में पहले टोकन फिर ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग व्यवस्था अपनाने को अनुचित बताया।
उन्होंने कहा कि जिले में आवश्यकतानुसार तोल कांटे बढ़ाए जाएँ। लोकसभा क्षेत्र में बकाया फसल बीमा की राशि के त्वरित भुगतान के निर्देश दिए।
विधायक ललित मीणा एवं राधेश्याम बैरवा ने एफसीआई द्वारा खरीदी गई गेहूं की खेप को घटिया बताकर वापस करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरसात के कारण गेहूं के दानों में सिकुड़ने और चमक कम होने की समस्या आ रही है। एफसीआई ने ऐसा माल लौटाना शुरू कर दिया जिससे किसानों में आक्रोश है।
इस पर सांसद सिंह ने उच्चाधिकारियों से फ़ोन पर बात करके परिस्थितियों को देखते हुए छूट प्रदान करने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित