भोपाल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले में हुई सड़क दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजनों को संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रभावित परिवारों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है तथा राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में स्वीकृत 4 लाख रुपये की सहायता के अतिरिक्त संबल योजना के तहत भी 4 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा जिले के ग्राम करेर, ग्वारा और झिरिया पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिले और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों से चर्चा कर कहा कि राज्य सरकार उनकी हर जरूरत में साथ देगी।
मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में उपचाररत घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को नागपुर सहित अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाएगा तथा उनका उपचार नि:शुल्क कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के बाद राहत कार्य में सहयोग करने वाले पुलिस जवानों और प्रशासनिक अमले की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने रामनवमी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर छिंदवाड़ा पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित