दुर्ग , अप्रैल 25 -- ) छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में एक महिला ने आरक्षक नितेश यादव के घर में घुस कर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उनकी पत्नी और नौ वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गयी है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि घायल लड़की को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। घटना के दौरान घर में मौजूद एक अन्य बच्चे ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरक्षक और आरोपी महिला के बीच अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जिसे समझाइश देकर वापस भेज दिया गया था।
पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश और विवाद के चलते महिला ने आज घर में घुसकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित