दुमका , फरवरी 02 -- झारखंड में दुमका जिले की पुलिस ने राहगीरों से नगद राशि छिन्नतई के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के केन्दपहाड़ी के समीप बीते 29 जनवरी को एक राहगीर को मोटर साईकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने चाकू से प्रहार कर जख्मी करने के साथ आठ हजार रूपये और बीते 30 जनवरी को मसलिया थाना क्षेत्र के सिदपहाड़ी के समीप मोटर साईकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने एक अन्य राहगीर से करीब 7 हजार रूपये की छिन्नतई की घटना को अंजाम दिया था। इन दोनों घटनाओं के संबंध में शिकारीपाड़ा और मसलिया थाना में अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी।

श्री खेरवार ने बताया राहगीरों पर हमला कर छिन्नतई करने की घटना के शीघ्र उद्भेधन के मद्धेनजर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गयी। टीम में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक ईकुद डुंगडुंग, शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा,मसलिया के थाना प्रभारी राजेश रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक आनन्द सोरेन के साथ कई पुलिस कर्मी भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पुलिस टीम ने छापामारी कर दुमका मुफ्सिल थाना क्षेत्र के लखीकुंड़ी खैरापाड़ा गांव के रहनेवाले धर्मेन्द्र राय,बिबिसन राय और इदुल सलामत अंसारी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उन्होंने बताया सलामत अंसारी का अपराधिक इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि तीनों ने उक्त छिन्नतई और राहगिरों को चाकू से हमला कर जख्मी करने के मामले में अपनी संलिप्तता कबूल की है।

गिरफ्तार अपराधियों के निशानदेही पर पुलिस एक टीवीस अपाची मोटर साईकिल, चाकू और तीन राहगिरों से लूटी गयी तीन मोबाईल फोन भी बरामद कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित