दुमका , जनवरी 30 -- झारखंड में दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में बीते दिनों मकर संक्रांति का मेला देकर लौट रहे युवक की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने गुरूवार की देर शाम संवाददाताओं को बताया कि जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कच्छप के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्तचरों की मदद से बीते 15 जनवरी को पथरिया एवं छोटा खैरबनी गांव के समीप मकर संक्रांति का मेला देखकर वाइक से घर लौट रहे लखीन्द्र सोरेन की हत्या मामले का उद्भेदन कर लिया है। अनुसंधान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त रामगढ़ थाना क्षेत्र के महबना गांव के रहने वाले सोनुकुमार मंडल,कन्हैया कुमार मंडल और इसी थाना क्षेत्र के मंडरों गांव के रहनेवाले अजय लायक नामक के तीन आरोपियों को गुरूवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

श्री सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपियों के निशानदेही पर सघन छापामारी कर घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर प्लेट का एक मोटर साईकिल,एक चाकू, लूटा गया दो मोबाईल फोन के साथ आरोपियों का चार मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सोनु मंडल और अजय लायक का अपराधिक इतिहास रहा है,जिसके विरूद्ध गोड्डा के देवडांड़ और दुमका जिले रामगढ़ थाना में अपराधिक मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि गठित टीम में रामगढ़ के थाना प्रभारी मनीष कुमार, जामा के थाना प्रभारी अजीत कुमार, हंसडीहा के थाना प्रभारी अजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार और संजय कुमार के साथ कई पुलिस कर्मी भी शामिल थे।

ज्ञातव्य हो कि बीते 15 जनवरी की शाम एक मोटर साईकिल पर सवार होकर रामगढ़ थाना क्षेत्र के छोटा खैरबनी गांव के डेविड मुर्मू,लखीन्द्र सोरेन और एक अन्य युवती घर लौट रही थी। इसी क्रम में वाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने ओवर टेक कर घर लौट रहे वाइक सवार युवकों को रोका और युवती के साथ खींचातानी करने के साथ चाकू का भय दिखाकर मोबाइल और पैसे की मांग करने लगा।

डेविड और लखीन्द्र द्वारा इसका विरोध करने पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर युवती और दोनों युवकों को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। जिससे लखीन्द्र सोरेन की मौके पर ही मौत हो गयी और एक युवक और एक युवती को इलाज के लिये दुमका में भर्ती कराया गया। इस घटना के शीघ्र उद्भेदन के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर अनुसंधान शुरू की गयी और उक्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित