दुमका , फरवरी 11 -- झारखंड में दुमका नगर थाना क्षेत्र में शहर के अति व्यस्ततम वीर कुंवर सिंह चौक के समीप एक मां और बेटी का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
दोनों मृतक की शिनाख्त करने तथा घटना का उद्भेदन करने में पुलिस जुट गयी है। दुमका पुलिस निरीक्षक के कार्यालय के पीछ शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र में एक मां बेटी की लाश मिलने से लोग दहशत में है।
बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल पर मिले दोनों शवों की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है।
महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त पाए गए हैं। जबकि बच्ची के नाक से खून निकला हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिस्थितियों को देखते हुए दुष्कर्म या दुष्कर्म के प्रयास के दौरान विरोध करने पर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृत महिला अपने बेटे के साथ शहर में घूमकर भीख मांगती थी। इस बीच आज सुबह पुलिस निरीक्षक कार्यालय के पीछे दोहरे हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने के साथ घटना के संबंध में सभी विन्दुओं पर गहन जांच पड़ताल में जुट गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित