दुमका , मार्च 20 -- झारखंड में दुमका जिले के रानेश्वर थाना की पुलिस ने तीन बदमाशों के गिरफ्तार कर जिले में अंतरजिला गौ चोर गिरोह की सक्रियता का खुलासा किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि रानेश्वर थाना क्षेत्र के रंगलिया गांव निवासी श्यामसुंदर देहरी नाम के एक व्यक्ति ने रात्रि में करीब 01.15 बजे दुरभाष से पुलिस को सूचना दिया कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर के गोशाला में बंधे 04 बैल को गोशाला के दरवाजा को तोड़कर चोरी कर ली गयी है।

इस सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती थाना को अविलम्ब चेंकिग लगने का अनुरोध किया गया। इसी चेंकिग के दौरान मसानजोर ओपी क्षेत्र के बागनल में एक महेन्द्र पीकअप को पकड़ा गया जिसमें 04 बैल लदे हुए थे। मनासजोडर पुलिस द्वारा सत्यापन किया गया तो पता चला कि सभी बैल रानेश्वर थाना से चोरी की गई है।

इसकी सूचना मिलते ही महेन्द्र पीकअप और वाहन में सवार दुमका मुफ्सिल थाना क्षेत्र के सरूवा गांव के निरज कुमार साह प्रभात साह और देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के विराजपुर गांव के ललन कुमार यादव को थाना में लाकर पूछताछ की गयी तथा आवेदक द्वारा बैल का पहचान किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि बैल आवेदक का ही है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने बैल चोरी करने की बात कबूल की।

छापामारी दल में रानेश्वर के थाना प्रभारी पुअनि बलराम कुमार सिंह, मसानजोर के ओपी प्रभारी पुअनि अवधेश कुमार, अनुसंधानकर्ता पुअनि सुरेश कुमार साह के साथ रानेश्वर थाना एवं मसानजोर ओपी के कई पुलिस के जवान शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित