दुमका , मार्च 20 -- झारखंड में दुमका नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली तथा दोनों क्षेत्रों के उपाध्यक्ष पद का चुनाव सम्पन्न कराया गया। दुमका के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा की मौजूदगी में दुमका नगर परिषद दुमका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया एवं सभी 21 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय समाहरणालय सभागार में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ सभी जनप्रतिनिधियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिये सभी जनप्रतिनिधि समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करें।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने भी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ करने का संकल्प लिया तथा नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहने को लेकर प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिये कार्य करने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में डीआरडीएस सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ नगर पंचायत की नव निर्वाचित अध्यक्ष वीणा देवी एवं सभी 12 वार्ड पार्षदों को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इसके पश्चात दुमका नगर परिषद क्षेत्र के उपाध्यक्ष का चुनाव सम्पन्न कराया गया।

इसमें 20 नम्बर वार्ड से निर्विरोध निर्वाचित वार्ड सदस्य मनोज कुमार सिंह उपाध्यक्ष पद के लिये मैदान में उतरे अपने एक मात्र प्रतिद्वंदी कन्हैया प्रसाद साह को पराजित कर उपाध्यक्ष चुने गये। 21 सदस्यीय दुमका नगर परिषद के नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों में से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह को 18 तथा कन्हैया प्रसाद साह को महज 3 मत मिले।

इसके बाद दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष मनोज सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जबकि बासुकीनाथ नगर पंचायत क्षेत्र की अध्यक्ष वीणा देवी ने नव निर्वाचित उपाध्यक्ष रोहित राउत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित