दुमका , मई 11 -- झारखंड में दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के झुंझी दोंदिया गांव में बीते 7 मई में एक व्यक्ति की हत्या मामले का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि बीते 7 मई को रामगढ़ थाना क्षेत्र में झांझी दोंदिया गांव के डंगाल में एक व्यक्ति का शव मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस सूचना के आलोक में रामगढ़ थाना सनहा सं0-08/26 दर्ज करते हुए सूचना के सत्यापन एवं विधि सम्मत कार्रवाई के मद्धेनजर सशस्त्र बल के साथ ग्राम दोंदिया डंगाल पहुँचकर शव को देखने एवं छानबीन करने पर प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत पाया गया। इसके पश्चात पुलिस द्वारा अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये फुलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेजा गया।
इसी क्रम में मृतक दिनेश कुमार राय की पत्नी ललिता देवी के फर्दब्यान के आधार पर रामगढ़ 103 (1)/238 भारतीय न्याय संहिता 2023 अज्ञात अपराधकर्मियों के विरूद्ध कांड संख्या 34/2026 दर्ज कर टीम गठित कर अनुसंधान शुरू किया गया। काण्ड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जरमुंडी के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
एसआईटी के द्वारा गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के क्रम में पाया गया कि काण्ड के मृतक दिनेश कुमार राय एवं अप्राथमिकी अभियुक्त बनासरी देवी के बीच प्रेम प्रसंग था। इसके आधार पर अप्राथमिकी अभियुक्त बनासरी देवी एवं उसके पति देवा गृही को पुलिस द्वारा पुछताछ करने पर दोनो ने अपने अन्य सहयोगी जोगेश्वर देहरी एवं आशिक गृही के साथ मिलकर अपराधिक षडयंत्र रचकर दिनेश कुमार राय की हत्या करने की बात स्वीकार किये।
उसके बाद काण्ड के अप्राथमिकी अभियुक्त झुंझी दोंदिया गांव की देवा गृही, बनासारी देवी, आशिक गृही झुझी और काठीकुंड थाना क्षेत्र के आसनबनी गांव के जगेश्वर देहरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रड ,खून लगा हुआ दो पत्थर, मृतक का मोबाईल एवं कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि छापामारी दल में जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कच्छप,रामगढ़ के थाना प्रभारी पु०अ०नि० मनीष कुमार, जामा के थाना प्रभारी पु०अ०नि० अजित कुमार,काठीकुंड के थाना प्रभारी पु०अ०नि० बलराम कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता . पु०अ०नि० रमेश भगत, पु०अ०नि० संजय कुमार, स०अ०नि० अशोक कुमार, स०अ०नि० प्रमिला मराण्डी और रामगढ़ थाना रिजर्व गार्ड आरक्षी भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित