पटना , जनवरी 28 -- राज्य के प्रतिष्ठित बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) का डेयरी ब्रांड 'सुधा' अब वैश्विक पहचान की ओर बढ़ते हुये दुबई में आयोजित गल्फ फूड प्रदर्शनी- 2026 में अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराकर राज्य के लिये एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर रहा है।
इस वर्ष 26 से 30 जनवरी तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में सुधा के दूध, घी, मिठाइयां, लस्सी सहित अन्य उत्पादों को गुणवत्ता, शुद्धता और स्वाद के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है। कॉम्फेड का यह प्रयास न केवल भारतीय डेयरी उद्योग की विश्वसनीयता को मजबूत कर रहा है, बल्कि इससे निर्यात बढ़ने और किसानों की आय में वृद्धि की भी संभावना है।
कॉम्फेड ने पहले ही अमेरिका और कनाडा जैसे विकसित देशों में अपने उत्पादों की आपूर्ति शुरू कर दी है, जहां सुधा उत्पादों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। हाल ही में सुधा घी, मखाना और गुलाब जामुन का निर्यात इन देशों में किया गया था। अब कॉम्फेड मध्य पूर्व के बाजारों, विशेषकर यूएई और सऊदी अरब में भी प्रवेश की तैयारी कर रहा है।
वैश्विक मांग को देखते हुए नालंदा और बरौनी स्थित डेयरी प्लांट्स को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया गया है, जिससे सुधा ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय बाजार में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित