बारां , मार्च 04 -- अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग के कारण दुबई में फंसे एवं वापसी का इंतजार कर रहे राजस्थान के बारां जिले के छह लोग अब गुरुवार को लौट पायेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बारां शहर निवासी ओटोमोबाइल व्यवसायी चित्रक पतिरा उनकी पत्नी जिगनेशा पतिरा एवं उनके पुत्र हैताश परिवार की टिकिट बुक नहीं हो पा रही थी। अभी दो कम्पनियों को ही फ्लाइट शुरू हुई और उनमें भी उन लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है जो बुजुर्ग हैं, या जिनके साथ बच्चे हैं।

सूत्रों ने बताया कि अब पतिरा परिवार को पांच मार्च की फ्लाइट अहमदाबाद के लिए मिली है। फ्लाइट अहमदाबाद की है, रात को साढ़े 10 बजे दुबई से रवाना होगी।

चित्रेश पतिरा ने दुबई से बताया कि यहां हालत बहुत सामान्य है। सभी बाजार खुले हुए हैं और कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन दुकानों में ग्राहक ही नहीं है। जो लोग भी यहां अटके हुए हैं, वे जल्द से जल्द वतन वापसी की उम्मीद लगाये बैठे हैं। उन्होंने बताया कि वह यहां रुकना एवं खाना दोनों महंगा होने के कारण अनावश्यक खर्च बढ़ गया है। अब पैसे भी समाप्त होते जा रहे हैं। उनका कहना है कि पांच मार्च को विमान में बैठ जायें और अहमदाबाद पहुंच जायें, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि बारां कब पहुंच सकेंगे।

पतिरा परिवार अपनी शादी की 25वी वर्षगांठ मनाने दुबई गये थे। 28 फरवरी को अबु धाबी से अहमदाबाद की फ्लाइट पकडनी थी, लेकिन ईरान द्वारा अचानक हमला करने के कारण दुबई सहित सभी हवाई अड्डे बंद कर दिये गये। उन्होंने वतन वापसी के लिए गुहार लगायी थी। फिलहाल वे अपने परिचित के यहां पहुंच कर सुरक्षित हैं।

उधर, बारां जिले के हरनावदा शाहजी के दो दंपती भी दुबई फ्लाइट रद्द होने से फंसे हैं। नवल किशोर गर्ग, नरेंद्र खंडेलवाल का परिवार दुबई घूमने गया था। फ्लाइट रद्द होने से दोनों परिवार मजबूरी में रुके हैं। दुबई के एक होटल में भारत वापसी के लिए नयी फ्लाइट की प्रतीक्षा में हैं। कब लौटेंगे उनके बारे में सूचना नहीं मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित