पटना , फरवरी 07 -- केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को कहा कि विशाल जनसंख्या और अनेक चुनौतियों के कारण भारत के सांसदों के दायित्व निर्वहन की जिम्मेदारी दुनिया के किसी भी अन्य देश के सांसदों की तुलना में ज्यादा कठिन है।
श्री रिजिजू ने बिहार विधानसभा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कहा कि भारतीय सांसदों के समक्ष आने वाली समस्याएं और संख्या का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकसभा का एक सांसद लगभग 25 लाख आबादी का प्रतिनिधि होता है, जबकि ब्रिटेन के 'हाउस ऑफ कॉमन्स' का एक सांसद केवल 90 हजार की आबादी का प्रतिनिधित्व करता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत और चीन की जनसंख्या लगभग समान है, लेकिन दुनिया का तीसरा सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश अमेरिका है, जिसकी आबादी केवल 34 करोड़ है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या में इस भारी अंतर के कारण भारतीय सांसदों का कार्य अमेरिका सहित दुनिया के किसी भी अन्य देश की तुलना में कहीं अधिक कठिन हो जाता है।
श्री रिजिजू ने कहा कि ब्रिटेन यात्रा के दौरान मुझे वहां के सबसे वरिष्ठ सांसद से मिलने का अवसर मिला, जो केवल 90 हजार आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। आठ बार जीत हासिल करने वाले उस सांसद को ब्रिटेन में 'फादर ऑफ़ हाउस' कहा जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय सांसदों के समक्ष आने वाली समस्याएं अन्य देशों के सांसदों से बिल्कुल अलग होती हैं। भारत के लोग अपने सांसदों के पास भूमि विवाद, लंबित आपराधिक मामलों में जमानत दिलाने, नाले, सडक, पानी से जुड़े अनुरोध या अन्य बुनियादी जरूरतों जैसी समस्याओं के समाधान के लिए आते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बिहार के सांसदों की सराहना करते हुए कहा कि वे लोकसभा में बहसों में भाग लेने के लिए प्रायः अच्छी तैयारी के साथ आते हैं। उन्होंने स्मरण किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने से पहले लोकसभा में बहस के दौरान अपने विचार बड़ी मुस्तैदी से रखते थे।
ंश्री रिजिजू ने कहा कि उन्हें बिहार की पवित्र धरती से बहुत लगाव है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्म 2500 साल से पहले हुआ, लेकिन दुनिया भर में आज भी उनके मानने वाले हैं।उन्होंने कहा कि "दुनिया के देशों में जब भगवान बुद्ध के अवशेष ले कर जाता हूँ, तो लोग मेरा बहुत सम्मान करते हैं।" उन्होंने बिहार की गौरवगाथा का बखान करते हुए सम्राट अशोक और वैशाली गणतंत्र के भी नाम लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित