भावनगर , दिसंबर 29 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के भावनगर मंडल के स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार गुप्ता को राष्ट्रपति पदक (विशिष्ट सेवा) एवं केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को जानकारी दी कि भावनगर मंडल में वर्तमान में स्टेशन अधीक्षक, भावनगर टर्मिनस के पद पर कार्यरत श्री गुप्ता को उनकी उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए देश के दो अत्यंत प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति पदक (विशिष्ट सेवा) तथा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (जांच में उत्कृष्टता) प्रदान किया गया।

ये पुरस्कार 26 एवं 27 दिसंबर 2025 को नयी दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में आयोजित गरिमामय अलंकरण समारोह के दौरान प्रदान किये गये। पदक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा, गृह राज्य मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के गणमान्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदान किए गए। इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा ने उन्हें बधाई दी एवं उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में अपने कार्यकाल के दौरान श्री गुप्ता ने अनेक संवेदनशील एवं राष्ट्रीय महत्व के उच्च-प्रोफ़ाइल मामलों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। इनमें पुलवामा आतंकवादी हमला, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी फंडिंग से जुड़े मामले, क्रॉस-बॉर्डर एलओसी ट्रेड, क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से आतंकी वित्तपोषण, आईएसआईएस से जुड़े विभिन्न मॉड्यूल, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) मामला, एक उच्च-प्रोफ़ाइल हत्या प्रकरण तथा मुंबई ब्लास्ट मामला शामिल हैं। इन मामलों में उनके असाधारण योगदान एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें राष्ट्रपति पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया गया।

एनआईए के एक प्रमुख प्रकरण में देशभर के उच्च शिक्षित युवाओं द्वारा एक ही दिन में अनेक सिलसिलेवार विस्फोटों की साजिश रची गयी थी, जिसमें आतंकवादी फंडिंग कई देशों से क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से की जा रही थी। इस मामले में छह आतंकवादियों की गिरफ्तारी, सभी आरोपियों के विरुद्ध आरोपपत्र दायर किए जाने तथा पांच आरोपियों को न्यायालय द्वारा दोषी ठहराये जाने में श्री गुप्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। साइबर, वित्तीय एवं क्रिप्टोकरेंसी जांच में उनकी उत्कृष्ट दक्षता एवं उच्च दबाव की परिस्थितियों में निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (जांच में उत्कृष्टता) प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय जांच एजेंसी में अपनी सेवाओं के दौरान श्री गुप्ता को केंद्रीय गृह मंत्री स्पेशल ऑपरेशन पदक, महानिदेशक, एनआईए की प्रशस्ति सूची, तथा अनेक प्रमाण-पत्र, प्रशंसा पत्र एवं नकद पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। भारतीय रेल में अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान भी उन्हें विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर कई बार सम्मानित किया गया है, जिनमें डीआरएम स्तर पर तीन, एसडीजीएम स्तर पर एक तथा जीएम स्तर पर दो पुरस्कार शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित