रायपुर , मार्च 24 -- छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 मार्च को बलौदाबाजार से लगभग 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को 500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि अंतरित करेंगे।

योजना के अंतर्गत राज्य के 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है।

आंकड़ों के अनुसार, योजना का सर्वाधिक लाभ रायपुर जिले के 53 हजार 338 भूमिहीन कृषि मजदूरों को मिलेगा, जबकि सबसे कम बीजापुर जिले के 1,542 हितग्राही शामिल हैं।

इसके अलावा बिलासपुर में 39 हजार 401, महासमुंद में 37 हजार 11, कोरिया में 1,549 और नारायणपुर में 1,805 भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी लाभ मिलेगा।

संकल्प बजट 2026-27 में इस योजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे भूमिहीन परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और स्थिरता मिलेगी। पूर्व में दी जा रही 7 हजार रुपये की वार्षिक सहायता को बढ़ाकर अब 10 हजार रुपये कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी सहित पारंपरिक पौनी-पसारी व्यवस्था से जुड़े परिवारों को भी शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित