बीकानेर , मार्च 01 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बीकानेर जिले के नोखा में आयोजित 'विराट हिन्दू धर्म सभा' में दीदी मां साध्वी ऋतंभरा से मुलाकात की है।
आधिकारिक सू्त्रों ने रविवार को बताया कि श्री दिलावर ने साध्वी ऋतंभरा से आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन की स्मृतियों को पुनः जीवंत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये क्षण केवल इतिहास नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना के अमिट अध्याय हैं।
उन्होंने रामगंजमंडी से प्रारंभ की गई 'गाँव ग्वाल योजना' के तहत गौमाता संरक्षण एवं संवर्धन के लिये किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। दीदी मां साध्वी ऋतंभरा ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में एक सार्थक और अनुकरणीय पहल बताया।
इस दौरान खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित