कोटा , फरवरी 28 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को राजस्थान में कोटा स्थित डीआरएम कार्यालय में रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक करके कोटा और बून्दी संसदीय क्षेत्र में चल रहे रेलवे विकास कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में श्री बिरला ने कहा कि क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशन, चाहे छोटे हों या बड़े, यात्रियों की मूल सुविधाओं से पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएँ बेहतर होनी चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाला व्यक्ति भी सहज और सम्मानपूर्वक प्रतीक्षा कर सके।

श्री बिरला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में देरी हुई है, उन्हें प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। कोटा और न्यू कोटा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बिरला ने निर्देश दिए कि कोटा स्टेशन के सभी कार्य गुणवत्ता के साथ दिसम्बर तक पूर्ण हों। उन्होंने स्टेशन परिसर के बाहरी विकास को कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के समन्वय से आगे बढ़ाने को कहा।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी सहित रेलवे एवं केडीए के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित