अम्बिकापुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन सशक्तिकरण केंद्र केतहत संचालित दिशा-दर्शन भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत अम्बिकापुर जिले की स्व-सहायता समूहों की 80 महिलाओं का दल झारखंड के गुमला जिले के लिए रवाना हुआ है।

कलेक्ट्रेट परिसर से नगर निगम सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी ने बस को हरी झंडी दिखाकर दल को विदा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य महिलाओं को आजीविका के आधुनिक तरीकों से अवगत कराना है।

कार्यक्रम के दौरान सभापति ने कहा कि ऐसे एक्सपोजर विजिट महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अन्य क्षेत्रों में सफलतापूर्वक संचालित गतिविधियों को देखकर समूह की महिलाएं अपने गांव और ब्लॉक स्तर पर नवाचार कर सकेंगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अनुभव आधारित सीख से महिलाओं में उद्यमिता की भावना विकसित होती है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) जे.आर. प्रधान के अनुसार, इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक कार्यों से आगे बढ़ाकर व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ना है। गुमला प्रवास के दौरान महिलाएं विकास भारतीय संस्थान, विशुनपुर में विभिन्न उत्पादन इकाइयों का अवलोकन करेंगी। यहां उन्हें खाद्य प्रसंस्करण के अंतर्गत अचार, पापड़, मसाला और दाल बड़ी के उच्च गुणवत्ता निर्माण की तकनीक सिखाई जाएगी। इसके साथ ही मुखवास, मोदक और विभिन्न प्रकार के लड्डू जैसे नवाचार उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित