सक्ती , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज हत्याकांड में एक बड़ा घटनाक्रम शनिवार को सामने आया। मामले का मुख्य आरोपी टीमन लाल मनहर अपने घर पर फंदे से लटका हुआ पाया। आरोपी टीमन गत 18 मार्च की शाम वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था, उसका शव आज सुबह उसके ही घर में फंदे पर लटका मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच आज उसके घर से शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) और एसडीओपी सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित