अल्मोड़ा , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में दिव्यांग हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने रविवार रात को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि इसी साल 24 जनवरी को सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में दिव्यांग कुन्दन राम की हत्या कर दी गई थी। अगले दिन 25 जनवरी को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक पांडे निवासी रस्यारागांव, सोमेश्वर, अल्मोड़ा के विरूद्ध हत्या और अनुसूचित जाति-जनजाति के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सोमेश्वर के थाना प्रभारी मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी को बीती रात को अल्मोड़ा के करबला तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित