लखनऊ , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में समाजवादी पार्टी (सपा) के दिवंगत विधायक विजय सिंह गौड़ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सदन ने दो मिनट का मौन रखकर दोनों नेताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजय सिंह गौड़ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनजातीय समाज के हितों को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे। उनके निधन से न केवल जनजातीय समुदाय बल्कि पूरे प्रदेश को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने भाजपा के दिवंगत विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके जाने से सदन ने एक कर्मठ, अनुशासित और समर्पित जनप्रतिनिधि खो दिया है।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने अपने शोक संदेश में कहा कि जीवन और मृत्यु का समय पूर्व निर्धारित है, जिसे कोई रोक नहीं सकता। किसी की असामयिक मृत्यु होती है तो कोई अपना संपूर्ण जीवन जीकर सांसारिक बंधनों से मुक्त होता है। उन्होंने कहा कि विजय सिंह गौड़ सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि रखते थे और हमेशा दबे-कुचले, शोषित वर्गों के लिए समर्पित रहे।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दोनों दिवंगत विधायकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वहीं कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने भी श्याम बिहारी लाल और विजय सिंह गौड़ के निधन को राजनीति और समाज के लिए बड़ी क्षति बताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित