नयी दिल्ली , मार्च 19 -- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को स्काईट्रैक्स ने प्रतिष्ठित 2026 वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स में भारत और दक्षिण एशिया के सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे के रूप में सम्मानित किया है।
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसकी वैश्विक रैंकिंग पिछले साल के 32वें से बढ़कर इस साल 28वें स्थान पर पहुंच गयी है। यह दुनिया के शीर्ष 30 एयरपोर्ट में शामिल एकमात्र भारतीय हवाई अड्डा है।
वहीं, सात करोड़ से ज्यादा यात्रियों की श्रेणी में दुनिया के शीर्ष 10 हवाई अड्डों में दिल्ली एयरपोर्ट आठवें पायदान से अब तीसरे पायदान पर पहुंच गया है। साथ ही भारत और दक्षिण एशिया में दूसरे सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट स्टाफ और दुनिया में सातवें सर्वश्रेष्ठ आगमन एयरपोर्ट के रूप में भी इसे मान्यता मिली है।
ये पुरस्कार ब्रिटेन की राजधानी लंदन में आयोजित पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो में प्रदान किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित