नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- दिल्ली साहित्य महोत्सव के 14वें आयोजन में साइबर अपराध के बढ़ते खतरों पर एक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें भारत के तेजी से डिजिटल होते परिवेश में 'डिजिटल गिरफ्तारी' घोटालों और वित्तीय धोखाधड़ी पर विशेष ध्यान दिया गया।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के निदेशक निशांत कुमार ने बताया कि जालसाज तेजी से पुलिस अधिकारियों या जांच एजेंसियों के अधिकारियों का रूप में झूठे दावे करते हैं कि वह व्यक्ति जांच के दायरे में हैं और फिर उन्हें डरा धमका कर 'डिजिटल रूप से गिरफ्तार' कर उन पर दबाव बनाया जाता है। इसके बाद पीड़ितों को कानूनी सत्यापन, मामले के निपटारे या खाता निकासी के बहाने पैसे हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया, "अगर कोई फोन पर यह दावा करे कि आपको डिजिटल रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है या किसी मामले को निपटाने के लिए पैसे मांगे, तो तुरंत समझ लें कि यह धोखाधड़ी है। कोई भी पुलिस एजेंसी इस तरह से काम नहीं करती।"श्री कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि पढ़े-लिखे लोग और उच्च पदों पर बैठे पेशेवर अक्सर साइबर अपराधियों के निशाने पर होते हैं, क्योंकि वे प्रतिष्ठा संबंधी चिंताओं और कानूनी पचड़ों के डर से बचना चाहते हैं और अपराधी इसी बात का फायदा उठाकर उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी करते हैं।

उन्होंने कहा, "धोखाधड़ी करने वाले लोग अत्यावश्यकता का माहौल बनाते हैं। वे कहते हैं कि तुरंत कार्रवाई करो वरना गिरफ्तारी होगी, या तुम्हारे खाते फ्रीज कर दिए जाएंगे। यह डर उन पर हावी हो जाता है। वे ठीक इसी बात का फायदा उठाते हैं।"भारत के डिजिटल विस्तार पर विचार करते हुए श्री कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री का डिजिटल इंडिया का विजन काफी हद तक सफल रहा है, लेकिन जन जागरूकता तकनीकी विकास के साथ तालमेल नहीं बिठा पाई है।

उन्होंने आगे कहा, "डिजिटल इंडिया हमारे लिए गर्व की बात है। लेकिन तीव्र डिजिटलीकरण के साथ-साथ जागरूकता भी उतनी ही तेजी से बढ़नी चाहिए। जहां भी जागरूकता की कमी होती है, साइबर अपराध को पनपने का मौका मिल जाता है।"श्री कुमार ने गृह मंत्रालय के अधीन 2019 में स्थापित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4सी) की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग संवैधानिक रूप से राज्य का विषय है, लेकिन साइबर अपराध राज्य और राष्ट्रीय सीमाओं को पार कर जाता है। प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए राज्यों के बीच समन्वय और बैंकिंग, फिनटेक और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों के साथ सहयोग आवश्यक है।

उन्होंने कहा, "I4सी का गठन समन्वय और साझा समझ विकसित करने के लिए किया गया था। साइबर अपराध का मुकाबला अकेले नहीं किया जा सकता; इसके लिए सामूहिक संस्थागत प्रयास की आवश्यकता है।"सत्र में I4सी की साइबर सुरक्षा पहल, साइबर दोस्त पर प्रकाश डाला गया, जो फ़िशिंग, वित्तीय धोखाधड़ी और साइबरबुलिंग के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए लिंक्डइन सहित विभिन्न प्लेटफार्मों पर अलर्ट, सलाह और शैक्षिक वीडियो साझा करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित