बागपत , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बड़ौत नगर के पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सोमवार सुबह एक टूरिस्ट बस शॉर्ट सर्किट के कारण आग का गोला बन गई। चालक की सूझबूझ से बस में सवार छह लोग बाल-बाल बच गए, जबकि बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। बस चालक सहेंद्र पाल ने बताया कि वह कंपनी के कर्मचारियों को लेने मुजफ्फरनगर गए थे और वहां से वापस बागपत लौट रहे थे। जैसे ही बस बड़ौत क्षेत्र में बावली गांव के निकट पहुंची, अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। कुछ ही देर में बस ने भीषण आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। चालक समेत कुल छह लोग समय रहते बाहर निकल आए।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे कर यातायात को सुचारु कराया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित