नयी दिल्ली , दिसंबर 26 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार पर महिलाओं के बसों में मुफ्त सफर को रोकने का आरोप लगाया और कहा कि झुग्गी झौपड़ी, पुनर्वास कालोनियों, अनाधिकृत कॉलोनियों सहित दिल्ली देहात में रहने वाली अशिक्षित और कम पढ़ी लिखी महिलाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और केवाईसी करना असंभव होगा।
श्री यादव ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में डीटीसी और कलस्टर बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड की घोषणा करने की रिपोर्ट सामने आ रही है। रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की महिलाओं से बसों में फ्री यात्रा पर रोक लगाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में 11000 बसों की जरुरत के अनुपात में डीटीसी और कलस्टर बसें आधी से भी कम है, पुरानी और उम्र खत्म हो चुकी बसें लगातार रोड़ से हटाई जा रही है और नयी इलेक्ट्रिक बसें घोषणाओं के बावजदू उपयुक्त संख्या में बढ़ाई नही जा रही है, तब रेखा सरकार महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा कैसे देंगी, यह आज सबसे बड़ा सवाल है।
पिंक सहेली कार्ड पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 12 वर्ष से अधिक वर्ष की महिलाओं को आधार कार्ड से पिंक सहेली कार्ड बनाने की प्रक्रिया 01 जनवरी से शुरु होने की घोषणा की खबर आ रहीं है, लेकिन जो प्रवासी महिलाएं उत्तर प्रदेश बिहार, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल अथवा अन्य राज्यों की यहां बिना निवास स्थान बदले रह रही है, क्या उनकी डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक दिल्ली की सभी महिलाओं को पिंक टिकट देकर मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी है, लेकिन 01 जनवरी से महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए पिंक कार्ड जारी होने के बाद भाजपा सरकार बाहर से आकर दिल्ली में रहने वाली लाखों महिलाओं की मुफ्त यात्रा खत्म करने जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित