नयी दिल्ली , मार्च 24 -- दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने वित्त वर्ष 2026-27 के दिल्ली बजट को "ट्रिपल इंजन सरकार का ट्रिपल धोखा" करार देते हुए सरकार पर हमला बोला।

श्री यादव ने कहा कि यह बजट भूत, वर्तमान और भविष्य तीनों के साथ विश्वासघात है और इसमें ठोस नीतियों का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकलुभावने वादों के जरिए जनता को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि यमुना सफाई, कूड़े के पहाड़ हटाने और स्वच्छ जल आपूर्ति जैसे प्रमुख मुद्दों पर कोई स्पष्ट योजना नहीं है। साथ ही, बजट का बड़ा हिस्सा कर्ज पर आधारित है और पिछले साल आवंटित राशि का बड़ा भाग खर्च नहीं हो सका। उन्होंने "ग्रीन बजट" को भी छलावा बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के नाम पर वास्तविक खर्च बेहद कम रहा। सार्वजनिक परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं में कटौती का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार घोषणाएं तो करती है लेकिन उनका क्रियान्वयन नहीं होता। श्री यादव ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य के बीच समन्वय की कमी के कारण कई योजनाएं अधूरी रह गई हैं, जिससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित