नयी दिल्ली , मार्च 23 -- दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा है कि झंडेवालान और कालकाजी मंदिर जैसे बड़े मंदिरों में नवरात्रि के कार्यक्रमों के चलते 27 मार्च तक सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक शहर में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

परामर्श के अनुसार मंदिरों में भारी भीड़ की उम्मीद है, जिससे प्रमुख रास्तों पर जाम लग सकता है। झंडेवालान मंदिर के पास रानी झांसी रोड और देश बंधु गुप्ता रोड, खासकर पहाड़गंज चौक से कालकादास चौक के बीच यातायात धीमा रह सकता है। कालकाजी मंदिर के आसपास बाहरी रिंग रोड (चिराग दिल्ली से मोदी मिल फ्लाईओवर तक), मां आनंदमयी मार्ग, कैप्टन गौड़ मार्ग और आस्था कुंज रोड पर भी जाम की स्थिति बन सकती है।

अधिकारियों ने कहा, ''भीड़ को देखते हुए हम रास्तों में बदलाव (डाइवर्जन) कर सकते हैं। मध्य दिल्ली और करोल बाग जाने वाले लोग फैज रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि आईएसबीटी कश्मीरी गेट जाने वालों को रानी झांसी रोड के बजाय पंचकुइयां रोड से जाने की सलाह दी जाती है।'' पार्किंग के नियम सख्त रहेंगे और मंदिरों के आसपास मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। नेहरू प्लेस और मोदी मिल फ्लाईओवर के बीच बाहरी रिंग रोड पर गाड़ी खड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कालकाजी मंदिर के आसपास के मुख्य रास्तों पर व्यस्त समय के दौरान भारी मालवाहक वाहनों (ट्रकों आदि) की आवाजाही रोकी जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित