नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में गर्म हवाओं के प्रकोप के साथ भीषण गर्मी का दौर जारी है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के दो स्टेशनों रिज और लोधी रोड पर लू की स्थिति देखी गई, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से अधिक रहा।
लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक था। वहीं, रिज क्षेत्र में पारा और अधिक चढ़कर 43.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, लू की स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक हो, या फिर तापमान सीधे 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए।
मौसम विभाग द्वारा जारी शाम के बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली के कुछ हिस्सों को ध्यान में रखते हुए शनिवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। कल तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित