मुम्बई , फरवरी 08 -- भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा है कि वॉशिंगटन सुंदर 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले अगले टी-20 विश्व कप मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
वॉशिंगटन साइड स्ट्रेन के कारण पिछले कुछ समय से टीम से बाहर थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच भी नहीं खेला था। उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी थी, लेकिन टीम प्रबंधन ने चार फरवरी को हुए अभ्यास मैच में उन्हें नहीं खिलाने का निर्णय किया। जसप्रीत बुमराह भी अभ्यास मैच और शनिवार को अमेरिका के खिलाफ हुए मैच में नहीं खेले।
अमेरिका के खिलाफ उम्मीद से अधिक कड़े मैच के बाद सूर्यकुमार ने दोनों खिलाड़ियों पर बात की। उन्होंने कहा, " वॉशिंगटन सुंदर हमारे साथ दिल्ली में जुड़ रहे हैं। वह ठीक हैं और सब कुछ सही है।"मौजूदा हालात में वॉशिंगटन, स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल के बैक-अप हैं। अक्षर पटेल ने अमेरिका के खिलाफ 162 रन के बचाव में 24 रन देकर दो विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी। अक्षर और वरुण चक्रवर्ती के अलावा जब तक तीसरे स्पिनर की जरूरत न हो, फिट होने के बावजूद वॉशिंगटन एकादश से बाहर रह सकते हैं। फिट होने पर बुमराह टीम में वापस आएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित