नयी दिल्ली , मार्च 30 -- पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसका मुख्य असर आज के बाद एक बार फिर चार अप्रैल के आसपास देखने को मिल सकता है।

मौसम विशेषज्ञों ने दिल्ली और उससे सटे फरीदाबाद, गुरुग्राम और बुलंदशहर जैसे इलाकों में तापमान में भारी गिरावट की भविष्यवाणी की है।

इस बीच मौसम विभाग के शाम की बुलेटिन में कहा है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 35.1degC दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में एक डिग्री कम है।

वहीं न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 180 के सूचकांक के साथ 'मध्यम' श्रेणी में बनी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित