नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि राजधानी में बदहाल हालात, ध्वस्त बुनियादी ढांचा और बढ़ती घटनाओं के बावजूद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा सत्ता के एक साल पूरे होने का जश्न मनाने की तैयारी करना बेहद शर्मनाक है।
श्री यादव ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि टूटी सड़कों, खुले गड्ढों, गंदगी, प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ों से जूझ रही दिल्ली में बीते एक साल के दौरान गड्ढों में गिरने, करंट लगने, आग लगने, इमारतें ढहने और जलभराव जैसी घटनाओं में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही जनवरी माह में ही 807 लोगों के लापता होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अधिकांश महिलाएं और लड़कियां हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो, नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी द्वारा की गई खुदाइयों के बाद कई इलाकों में बिना बैरिकेडिंग खुले गड्ढे छोड़े गए हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। जनकपुरी में युवक कमल ध्यानी की मौत का जिक्र करते हुए श्री यादव ने कहा कि पुलिस जांच में साफ हो गया है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित