नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों को आश्वस्त करते हुए शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी या किसी भी अन्य ईंधन की कोई कमी नहीं है और यहां घरेलू तथा वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर, पर्याप्त और नियंत्रण में है।

श्रीमती गुप्ता ने बताया कि तीन अप्रैल को दिल्ली भर में कुल 1,11,504 एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा मिलकर 1,26,379 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जो बुकिंग से काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि लंबित बैकलॉग को तेजी से खत्म किया जा रहा है और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन निरंतर प्रयासों के चलते वर्तमान में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की औसत डिलीवरी समय 4.37 दिन हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर और विश्वसनीय तरीके से उनके घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने एक कंट्रोल रूम (011-23379836 और 8383824659) स्थापित किया है, जो लगातार निगरानी कर रहा है और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई कर रहा है। विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर कई मामलों को दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को भेजा गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर 22 छापेमारी की। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान रोहिणी जिले के नॉर्थ रोहिणी थाना क्षेत्र में प्राथमिकी दर्ज की गई, जहां अवैध रूप से जमा किए गए 06 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि के प्रति पूरी तरह सतर्क है और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि एलपीजी की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे तथा किसी भी तरह के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने दिल्लीवासियों को सलाह दी है कि वे गैस एजेंसियों या एलपीजी गोदामों पर भीड़ न लगाएं। एक बार सिलेंडर बुक करने के बाद वह निर्धारित समय के भीतर सीधे उपभोक्ता के घर पहुंचा दिया जाएगा। वितरण केंद्रों पर जाने की कोई आवश्यकता नहीं है और ऐसा करना अनावश्यक असुविधा पैदा कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित