नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अब शिक्षा पर राजनीति नहीं होगी बल्कि राजनीति केवल और केवल शिक्षा के सुधार के लिए होगी।
श्री सूद ने सोमवार को यहां त्यागराज स्टेडियम में आयोजित दिल्ली उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत राजधानी के राज्य विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में कहा कि यह केवल छात्रवृत्ति वितरण का मंच नहीं है। आज यह मंच एक स्पष्ट राजनीतिक और नैतिक घोषणा है कि दिल्ली में अब शिक्षा पर राजनीति नहीं होगी, बल्कि राजनीति होगी तो केवल और केवल शिक्षा के सुधार के लिए होगी। यह बदलाव किसी भाषण से नहीं, बल्कि नीति और नीयत से आया है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मूल मंत्र है अंत्योदय। अंत्योदय का अर्थ है कि व्यवस्था का पहला लाभ उस छात्र तक पहुँचे जो सबसे पीछे खड़ा है लेकिन सबसे आगे जाने का सपना देखता है। पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली में शिक्षा के संदर्भ में नीतियाँ विज्ञापनों और होर्डिंग्स के लिए बनीं लेकिन यह सरकार नारे नहीं, सिस्टम बनाती है। यह सरकार बच्चों से यह नहीं कहती कि "एडजस्ट कर लो", बल्कि कहती है कि सिस्टम तुम्हारे हिसाब से एडजस्ट होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित