नयी दिल्ली , मार्च 10 -- दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये कीमत है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की इंटर-स्टेट सेल ने उस सूचना के आधार पर की, जिसमें बताया गया था कि उत्तर प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर के लिए एक बड़ी ड्रग खेप लाई जा रही है।
अपराध शाखा के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि संदिग्ध तस्कर फईम बेग आनंद विहार रेलवे स्टेशन अंडरपास के पास हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर बेग और उसके साथी कयूम खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 101 ग्राम और 601 ग्राम के दो पैकेटों में हेरोइन बरामद की। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान बेग ने खुलासा किया कि हेरोइन बरेली (उत्तर प्रदेश) में उसके सहयोगियों से ली जाती थी और दिल्ली-एनसीआर, शामली तथा सहारनपुर सहित कई स्थानों पर सप्लाई की जाती थी।
इसके बाद पुलिस ने आगे की छापेमारी में 27 फरवरी को बरेली के फतेहगंज पूर्व से कथित सप्लायर आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके परिवार के खेत से 301 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित