नयी दिल्ली , दिसम्बर 15 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।
श्री नबीन के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता ने पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के साथ पुष्प गुच्छ देकर और पटका पहना कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में श्री सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के आलावा सभी जिलों के हजारों पदाधिकारियों ने नये राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
श्री सचदेवा ने कहा कि श्री नबीन की नियुक्ति से पार्टी में हर स्तर पर हर्ष है, विशेषकर युवा वर्ग में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि श्री नबीन की नियुक्ति से नयी पीढ़ी से भाजपा का जुड़ाव और मजबूत होगा। भाजपा ने एक बार फिर दिखा दिया है कि यह पार्टी ही सामान्य कार्यकर्ता को उच्चतम पद तक ले जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित