नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के पिता श्याम लाल सचदेवा का मंगलवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया।
वह 94 साल के थे और पिछले कुछ समय से उनका इलाज चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी कृष्णा सचदेवा, पांच पुत्र और पुत्री हैं। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सबसे छोटे हैं।
उल्लेखनीय है कि सचदेवा परिवार 1947 के विभाजन के दौरान पाकिस्तान के मुजफ्फरगढ़ से आ कर पुरानी दिल्ली के काली मस्जिद क्षेत्र में शंकर गली में बसा और यहीं अपना व्यवसाय भी जमाया। लगभग 20 वर्ष पूर्व बढ़ते परिवार के साथ श्री सचदेवा मयूर विहार फेज एक में बसे।
श्री सचदेवा का अंतिम संस्कार बुधवार अप्रैल को प्रातः 10 बजे निगमबोध घाट पर होगा।
श्री सचदेवा के निधन का समाचार सुनकर भाजपा कई नेताओं के साथ गणमान्य व्यक्तियों ने सचदेवा परिवार के निवास पर आ कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्री सचदेवा के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, सांसद मनोज तिवारी, श्रीमती कमलजीत सहरावत, श्री अरविंदर सिंह लवली, श्री कैलाश गहलोत, श्री संजय गोयल, डॉ. अनिल गोयल, सरदार तरविंद्र सिंह मारवाह, वरिष्ठ नेता वेदव्यास महाजन, पार्टी के कई पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष दीपक गाबा और श्री विजेन्द्र धामा शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित