नयी दिल्ली , मई 01 -- दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को 50.37 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान दिल्ली पुलिस की एक वाहिनी में तैनात समय सिंह मीणा के रूप में हुई है। वह 2009 बैच का सिपाही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी दिल्ली के सराय रोहिल्ला और चांदनी महल क्षेत्रों में कम से कम तीन आपराधिक मामले दर्ज किये गये थे और वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका था, फिर भी सेवा में बना रहा। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 31 मार्च को इस लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसके साथी पहले ही गिरफ्तार कर लिये गये थे, लेकिन मीणा घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। जांचकर्ताओं ने सी.सी.टी.वी. फुटेज और तकनीकी निगरानी के माध्यम से उसका पीछा किया, जिससे अंततः राजस्थान के दौसा में उसके ठिकाने का पता चला, जहां वह छिपा हुआ था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित