नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) तथा भाजपा की तुलना सांप से करने और उसकी हत्या करने वाले बयान को लेकर दिल्ली पुलिस से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

इस सिलसिले में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से मुलाकात की और उन्हें श्री खरगे के विरुद्ध शिकायत का एक पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने श्री गोलचा को बताया कि श्री खरगे नेअसम में चुनाव प्रचार के दौरान ना सिर्फ भाजपा की तुलना जहरीले सांप से की, बल्कि मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भड़काते हुए कहा, "कुरान में भी कहा गया है की यदि नमाज पढ़ते हुए सामने सांप आ जाये तो उसे नमाज छोड़कर मार दीजिए, यह भाजपा तथा आरएसएस भी उसी जहरीले सांप की तरह हैं और आज आप सबको इन्हें मारना होगा।"प्रतिनिधिमंडल में केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ सांसद मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी और कमलजीत सहरावत, अधिवक्ता संकेत गुप्ता और मीडिया विभाग प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर शामिल थे।

दिल्ली भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का बयान ना सिर्फ भाजपा के प्रति मुस्लिम समुदाय में नफरत और हिंसा फैलाने का प्रयास है, बल्कि चुनाव प्रचार नियमों की भी खुली अवहेलना है। कांग्रेस मुख्यालय दिल्ली में है अतः दिल्ली पुलिस आयुक्त कांग्रेस अध्यक्ष के भाषण का संज्ञान लें और प्राथमिकी दर्ज उचित न्यायिक कार्यवाई करें। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने भाजपा नेताओं को जांच अनुसार कार्यवाई का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित