सहारनपुर , अप्रैल 14 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के अवसर पर सहारनपुर में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान रोड शो में बड़ी संख्या में लोग उमड़े और मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से गणेशपुर-मनोहरपुर स्थित सभा स्थल के निकट बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, राज्यमंत्री जसवंत सैनी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद प्रधानमंत्री ने वाहन से वन्यजीव कॉरिडोर मार्ग का भ्रमण किया और मार्ग पर स्वागत के लिए एकत्र लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने 12 किलोमीटर लंबे वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण किया तथा दूरबीन से वन्यजीवों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से परियोजना की जानकारी भी ली।

प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेस-वे की सुरंग के प्रवेश द्वार पर स्थित जय मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर देवी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वहां उपस्थित छात्राओं एवं युवतियों के साथ भजन गायन में भी सहभागिता की।

प्रधानमंत्री लगभग एक घंटे तक सहारनपुर में रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े होकर उनका स्वागत करते रहे। बाद में वह एक्सप्रेस-वे परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए देहरादून रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित